पंचकूला सेक्टर 5 स्थित स्विस लॉन्ज क्लब के पास पंजाब के दो शूटरों ने नगर निगम वार्ड-1 की भाजपा पार्षद के देवर रतन लुबाना पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. वारदात को रात करीब एक बजे अंजाम दिया गया, जिस दौरान रतन लुबाना शूटरों से बचने के लिए दौड़ते दिखाई दे रहे हैं. दोनों शूटर उनका पीछा करते हुए गोलियां चलाते जा रहे हैं. वहीं, पुलिस ने भी पल्सर बाइक सवार बदमाशों का पीछा करते हुए एनकाउंटर कर उन्हें काबू कर लिया.

दरअसल, रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12.30 बजे सेक्टर-5 एरिया स्थित स्विस लांज क्लब से निकले थे. उसी दौरान घात लगाए बैठे पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी. दोनों शूटरों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली रतन लुबाना को लगी. वहीं, दौड़ते हुए पिस्टल लोड करते समय शूटरों से दो कारतूस मौके पर गिर भी गए. वारदात को अंजाम देकर दोनों शूटर मौके से यमुनानगर हाईवे की ओर फरार हो गए. वहीं, गोली लगने से घायल लुबाना की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.

पंचकूला डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि, “गैंगस्टर रोहित गोदारा से काफी समय पहले रतन लुबाना को फिरौती की कॉल आई थी. लेकिन डिमांड पूरी नहीं करने पर रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली लगने से रतन लुबाना घायल हो गया. फायरिंग की इस वारदात के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा ने रतन लुबाना को फोन किया, जिस कॉल को परिवार के लोगों ने सुना. रोहित गोदारा ने उन्हें पूछा कि इसको कितनी गोलियां लगी हैं. परिवार के लोगों ने ऐसी कोई जानकारी नहीं होने की बात कही. इसके बाद आरोप हैं कि गोदारा ने कहा यह दूसरों को तीन करोड़ रुपये दे रहा है, इसको तो गोली लगनी ही थी, आज नहीं तो कल मरेगा.”

सेक्टर 5 की इस वारदात के समय घटनास्थल पर डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान मौजूद था, जिसने शूटरों का पीछा करना शुरू किया और विभाग को सूचना दी. इस पर डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एएनसी टीम ने तुरंत मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर दी. इस दौरान शूटरों ने पीछा कर रहे पुलिस की गाड़ी पर बेलाविस्टा चौक व नाडा साहिब क्षेत्र में फायरिंग भी की.

बाइक सवार दोनों शूटरों में पुलिसकर्मियों को पीछा करते देख उनपर फायरिंग शुरू कर दी. लेकिन पुलिस ने गाड़ी से बाइक को टक्कर मारकर उन्हें गिराया. लेकिन दोनों शूटर गोलियां चलाते हुए भागने लगे तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उनके घुटनों-पैरों में दो-दो गोलियां लगी. इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर पंचकूला के सरकारी जिला अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने ब्लीडिंग अधिक हो जाने के चलते उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया.

एनकाउंटर में पकड़े गए इन शूटरों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंद्र और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में पता लगा कि दोनों गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के लिए काम करते हैं. इससे पहले भी आरोपी शूटर जसविंद्र पर लुधियाना में हत्या के प्रयास के तहत दो मामले दर्ज बताए गए हैं. वहीं, पुलिस को दोनों शूटरों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की हैं, जिनमें दस-दस कारतूस लोड होने वाली मैग्जीन लगी थी. पुलिस ने इन्हें कब्जे में ले लिया है.

दरअसल, पंचकूला सेक्टर 5 के एक क्लब में भाजपा नेता नरेंद्र लुबाना के भाई घायल रतन लुबाना की पार्टनरशिप है. हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में नरेंद्र की पत्नी परमजीत कौर वार्ड एक से भाजपा की टिकट पर पार्षद बनी हैं. लुबाना परिवार चंडीगढ़ के गांव किशनगढ़ और पंचकूला में रहता है.

पंचकूला डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि, “पंजाब से आए बदमाशों ने सेक्टर-5 में फायरिंग की, जिसके बाद क्राइम यूनिट की टीमों ने पीछा करते हुए उन्हें एनकाउंटर कर पकड़ लिया. दोनों के घुटनों पर गोलियां लगी हैं. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!