हरियाणा के करनाल में रेप के मामले में फंसाने की धमकी देकर युवक से 20 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती और उसके साथी ने मिलकर युवक को ब्लैकमेल किया। युवक पहले ही 10 लाख रुपये दे चुका था और उससे समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर युवती के साथी को 4.5 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में युवती की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर भेजी फ्रेंड रिक्वेस्ट, होटल में बुलाया
पीड़ित युवक पानीपत रिफाइनरी में काम करता है। उसकी शिकायत के अनुसार, लवप्रीत कौर नाम की युवती ने उसे सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। बातचीत के दौरान युवती ने बताया कि वह महिंद्रा क्लब में काम करती है। क्लब की मेंबरशिप दिलाने के बहाने उसने युवक को करनाल के ईडन होटल में बुलाया। युवक का आरोप है कि वहां युवती ने पैसों की मांग की, जिसके बाद वह वहां से चला गया।
महिला थाने में दी दुष्कर्म की शिकायत
युवक के अनुसार, 9 अक्टूबर को युवती ने महिला थाने में उसके खिलाफ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने की शिकायत दी। इसके बाद मामले में समझौता करवाने के नाम पर युवती के साथी जोधबीर सिंह ने उससे संपर्क किया।
आरोप है कि जोधबीर ने समझौते के लिए 20 लाख रुपये मांगे। युवक के मुताबिक, 12 अक्टूबर को समझौते के नाम पर 3 लाख रुपये दिए गए और बाकी रकम बाद में देने की बात हुई।
दोस्त ने रिकॉर्डिंग कर पुलिस को दी शिकायत
पीड़ित के दोस्त अमृतपाल को दोनों पर शक हुआ। उसने बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद भी जोधबीर की ओर से 10 लाख रुपये और मांगे जाने का आरोप है। परेशान होकर युवक ने 30 अक्टूबर को सिटी थाने में शिकायत दी।
पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा
डीएसपी मीना कुमारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस ने 500-500 रुपये के नोटों के 9 पैकेट तैयार करवाकर युवक को दिए। इन पैसों को कपड़े की थैली में रखकर उसे अपने दोस्त के साथ झिलमिल ढाबे भेजा गया।
कुछ देर बाद सफेद स्कॉर्पियो में जोधबीर वहां पहुंचा। बातचीत के बाद जैसे ही पुलिस को संकेत मिला, टीम ने गाड़ी को घेर लिया और जोधबीर सिंह को पकड़ लिया। उसके कब्जे से पुलिस द्वारा दिए गए 4.5 लाख रुपये बरामद हुए।
युवती और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज
डीएसपी मीना कुमारी के अनुसार, लवप्रीत कौर और जोधबीर सिंह के खिलाफ थाना सदर करनाल में 30 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया है। जोधबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि युवती की तलाश जारी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


