जींद। हरियाणा के जींद में पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ ने केले से भरे ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे चूरा पोस्त की खेप बरामद की है। भिवानी रोड पर बीबीपुर गांव के पास नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने ट्रक से 23 किलो 408 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद की आश्रम बस्ती निवासी प्रगट सिंह उर्फ गौरव और हनुमान नगर निवासी नरविंद्र के रूप में हुई है। सदर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूचना के बाद लगाया नाका

ASI रामबीर सिंह ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें भिवानी रोड पर एक ट्रक के जरिए नशा तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह टीम के साथ बीबीपुर गांव के पास पहुंचे और नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान भिवानी की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक प्रगट सिंह चला रहा था, जबकि नरविंद्र उसके साथ वाली सीट पर बैठा था।

कैबिन से मिले चूरा पोस्त के दो कट्टे

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुछ नहीं मिला। इसके बाद ट्रक के कैबिन की जांच की गई तो वहां दो कट्टे मिले। कट्टों में नीले रंग के पैकेट रखे हुए थे, जिनकी जांच करने पर चूरा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने एक कट्टे से 11 किलो 706 ग्राम और दूसरे कट्टे से 11 किलो 702 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। दोनों का कुल वजन 23 किलो 408 ग्राम पाया गया। ट्रक में केले भरे हुए थे।

मध्य प्रदेश से केला लेकर अंबाला जा रहे थे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मध्य प्रदेश से ट्रक में केले भरकर लाए थे और उन्हें अंबाला पहुंचाना था। पुलिस का आरोप है कि केले के साथ चूरा पोस्त भी छिपाकर ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है। अब मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!