करनाल. हरियाणा के करनाल के ऊंचा समाना गांव में 8 मई को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, नाबालिग बेटे ने अपने पिता की हत्या की थी. थाना मधुबन के इंचार्ज गौरव पुनिया ने इस मामले का खुलासा किया.
दरअसल, 8 मई को करनाल के ऊंचा समाना गांव में पशुओं के बाड़े में खून से लथपथ सोनू नाम के व्यक्ति का शव मिला था. पुलिस के अनुसार, किसी तेजधार हथियार से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई थी. मृतक हर रोज की तरह रात को पशुओं के बाड़े में सोया हुआ था. सुबह जब उसका बेटा भैंस का दूध निकालने आया तो उसने अपने पिता को खून से लथपथ पाया. बेटे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
थाना मधुबन के इंचार्ज गौरव पुनिया ने बताया कि 8 मई को सूचना मिली थी कि किसी व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मृतक का नाम सोनू है और उसकी हत्या किसी भारी हथियार से की गई थी. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स चेक कीं, जिससे मृतक के बेटे पर शक हुआ. पूछताछ में बेटे ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
