राजधानी दिल्ली के लोधी रोड स्थित बीके दत्त कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार की तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:21 बजे दिल्ली फायर सर्विस को बीके दत्त कॉलोनी स्थित चावला स्वीट्स के सामने एक इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) पर फोन कर घर में आग लगने और अंदर फंसे होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग तत्काल सक्रिय हो गया। जब तक बचाव दल मौके पर पहुंचा, तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी।दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। तलाशी अभियान के दौरान कमरे के भीतर एक महिला और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से झुलसी हुई मिलीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।मृतकों की पहचान आकांक्षा शर्मा (40), आराध्या शर्मा उर्फ मित्जी (12) और मिहिका शर्मा उर्फ रित्जी (8) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकांक्षा शर्मा वर्ष 2020 से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बीमारी का उपचार करा रही थीं।पुलिस के अनुसार, घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें आकांक्षा शर्मा के पति मोहित शर्मा (वकील) भी शामिल हैं, इमारत की दूसरी मंजिल पर मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद डिस्ट्रिक्ट क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।दिल्ली फायर सर्विस ने सुबह लगभग 11:10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिसके बाद दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी प्रकार की गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!