हरियाणा के गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बताकर सेक्टर-29 थाना प्रभारी (SHO) पर दबाव बनाने की कोशिश की। आरोपी ने दावा किया कि उसकी पत्नी के शोरूम की बिजली काट दी गई है और उसे तुरंत चालू कराया जाए। इतना ही नहीं, उसने डीजीपी का हवाला देकर पुलिस पर कार्रवाई का दबाव भी बनाया। हालांकि SHO को शक हुआ और जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

SHO के सरकारी मोबाइल पर आया कॉल

जानकारी के अनुसार, डीएलएफ सेक्टर-29 थाना प्रभारी के सरकारी मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी चंदन सिंह बताते हुए कहा कि एमजी रोड स्थित मेगा मॉल में उसकी पत्नी के शोरूम की बिजली काट दी गई है। उसने तुरंत पुलिस हस्तक्षेप कर बिजली बहाल कराने की मांग की।

DGP का नाम लेकर बनाया दबाव

जब SHO ने मामले की जानकारी लेनी चाही, तो कॉल करने वाले ने अपना रौब दिखाना शुरू कर दिया। उसने डीजीपी स्तर के अधिकारियों का हवाला देते हुए बिना जांच के कार्रवाई करने का दबाव बनाया, ताकि स्थानीय पुलिस तुरंत उसकी बात मान ले।

SHO को हुआ शक, जांच में खुली पोल

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की ओर से इस तरह के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग पर SHO को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस टीम को मेगा मॉल भेजकर जांच कराई। मॉल प्रबंधन और संबंधित लोगों से पूछताछ में पता चला कि कॉल करने वाला कोई एसपी नहीं, बल्कि फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था।

पत्नी के शोरूम की बिजली कटने पर बनाई साजिश

जांच में आरोपी की पहचान दिल्ली के नेब सराय निवासी करण कुमार सकूजा (30) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी का मेगा मॉल में शोरूम है। किसी विवाद के चलते मॉल प्रबंधन ने शोरूम की बिजली काट दी थी। बिजली दोबारा चालू कराने के लिए करण ने खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का एसपी बताकर SHO पर दबाव बनाने की कोशिश की।

आरोपी गिरफ्तार, पुराने मामलों की भी होगी जांच

पुलिस ने सरकारी अधिकारी की फर्जी पहचान अपनाने, पुलिस को गुमराह करने और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में डीएलएफ सेक्टर-29 थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। SHO सतेंद्र ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी किसी सरकारी विभाग या अन्य व्यक्ति के साथ इस तरह की धोखाधड़ी की है या नहीं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!