दिल्ली में प्रस्तावित बड़े विरोध प्रदर्शन के मद्देनज़र गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस और गुरुग्राम पुलिस संयुक्त रूप से सीमाओं पर निगरानी रख रही हैं तथा हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
सोमवार सुबह से ही दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात है। इसके चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (NH-48) समेत कई बॉर्डर प्वाइंट्स पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। पुलिस संदिग्ध वाहनों, विशेषकर कमर्शियल वाहनों और बसों की गहन जांच कर रही है तथा यात्रियों की पहचान भी सत्यापित की जा रही है।
इस बीच, 10 से अधिक लोगों को एहतियातन हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें हरियाणा आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामे प्रधान भी शामिल हैं। उनका कहना है कि उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई है और उनके आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, पुलिस ने हाउस अरेस्ट किए गए लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से ये एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि ‘कॉकरोच पार्टी’ के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। सरहौल बॉर्डर, कापसहेड़ा बॉर्डर और आया नगर बॉर्डर पर बैरिकेड्स लगाकर गाड़ियों की जांच की जा रही है।
सड़क मार्ग के साथ-साथ पुलिस ने दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर भी निगरानी बढ़ा दी है। मिलेनियम सिटी सेंटर, इफ्को चौक, एमजी रोड और गुरु द्रोणाचार्य जैसे प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सीआईएसएफ द्वारा प्रवेश और निकास द्वारों पर पैनी नजर रख रही है।
मेट्रो स्टेशनों के भीतर और बाहर घूम रहे संदिग्ध युवाओं को रोककर उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। उनके पहचान पत्र (आईडी कार्ड) चेक किए जा रहे हैं और बैगों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को मेट्रो का उपयोग करके दिल्ली के संवेदनशील इलाकों तक पहुंचने से रोकना है।
इस सख्त चेकिंग अभियान के कारण गुरुग्राम से दिल्ली दफ्तर आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह पीक आवर्स के दौरान सरहौल बॉर्डर पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही, जिससे लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए यह चेकिंग बेहद जरूरी है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें और यदि संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। स्थिति पर काबू पाने के लिए दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार बॉर्डर क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

