रोहतक जिले के गांव डोभ में घरेलू कलह के कारण पति ने अपनी पत्नी की सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर थाना बहुअकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर एफएसएल एक्सपर्ट को भी बुलाया।
मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीय जोशना पत्नी आजाद निवासी कासगंज यूपी हाल पीर बाबा मंदिर के सामने भिवानी रोड गांव डोभ के रूप में हुई। देर रात को आजाद व जोशन के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसमें आजाद ने सिर में डंडा मारकर जोशना की हत्या कर दी।
जोशना मूलरूप से असम की रहने वाली है, जिसकी शादी कासगंज यूपी निवासी आजाद के साथ हुई थी। शादी के बाद जोशन के दो बच्चे भी है, जिसमें एक पांच साल व एक तीन साल का है। दोनों नाबालिग बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। दोनों पति-पत्नी गांव डोभ में कबाड़ी का काम करते थे।
थाना बहुअकबरपुर पुलिस ने बताया कि उन्हें एक महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर एफएसएल एक्सपर्ट को भी बुलाया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
