रोहतक जिले के महम बाइपास पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। राजस्थान के भादरा निवासी एक व्यापारी की कार दिल्ली-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब व्यापारी दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना थे। हादसे में व्यापारी को मामूली चोटें आईं, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

भिवानी रोड फ्लाईओवर पर सामने से आ रहे एक ट्रक के टायरों से उछला पानी व्यापारी की कार के फ्रंट शीशे पर आ गिरा। इससे दृश्यता खत्म हो गई और चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए। अचानक ब्रेक लगाने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर उछलते हुए भिवानी-महम मार्ग के पास सड़क पर जा गिरी। राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर व्यापारी को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें महम के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।

भादरा के रहने वाले सुरजीत सिंह के मुताबिक वह मार्बल के व्यापारी हैं और व्यापार के सिलसिले में भादरा से हैदराबाद जा रहे थे। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़नी थी। उन्होंने कहा कि उनकी जान बचना किस्मत और उनकी 80 लाख रुपए की कीया कार्निवाल कार की मजबूती का नतीजा है।

महम थाना पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। कार को क्रेन की मदद से सड़क किनारे किया गया। पुलिस के मुताबिक हादसा ट्रक के टायरों से उछले पानी के कारण हुआ, जिससे चालक को दृश्यता नहीं मिली और वाहन अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!