गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में बास्केटबॉल पोल गिरने से एक युवा खिलाड़ी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद हरियाणा में खेल सुविधाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन (HOA) ने गुरुग्राम के उपायुक्त (DC) और हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को पत्र लिखकर राज्यभर में सार्वजनिक खेल परिसरों और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित खेल ढांचे की तत्काल सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।

अभ्यास के दौरान हुआ हादसा

एसोसिएशन के अनुसार अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में अभ्यास के दौरान भारी बास्केटबॉल पोल अचानक गिर गया। हादसे में एक युवा खिलाड़ी की रीढ़ की हड्डी में कई फ्रैक्चर आए, जबकि वहां मौजूद अन्य खिलाड़ी बाल-बाल बच गए। HOA का कहना है कि पोल की खराब और जर्जर स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण यह गंभीर हादसा हुआ।

पहले भी जा चुकी है खिलाड़ियों की जान

एसोसिएशन ने अपने पत्र में रोहतक और बहादुरगढ़ की घटनाओं का भी उल्लेख किया है। HOA के मुताबिक इन दोनों शहरों में भी खराब बास्केटबॉल पोल के कारण खिलाड़ियों की जान जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे यह संकेत देते हैं कि खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण, रखरखाव और समय पर बदलाव बेहद जरूरी है।

राज्यभर में फिजिकल इंस्पेक्शन की मांग

रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को भेजे गए पत्र में हरियाणा की सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में मौजूद खेल मैदानों, बास्केटबॉल कोर्ट और अन्य खेल सुविधाओं का जिला स्तर पर भौतिक सत्यापन (फिजिकल इंस्पेक्शन) कराने की मांग की गई है। साथ ही प्रत्येक जिले की निरीक्षण रिपोर्ट हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन को उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है।

DC गुरुग्राम से मांगा जवाब

गुरुग्राम के उपायुक्त को भेजे गए पत्र में सार्वजनिक खेल परिसरों, बास्केटबॉल कोर्ट और अन्य खेल उपकरणों का नियमित सुरक्षा निरीक्षण कराने, जंग लगे या असुरक्षित उपकरणों को तत्काल बदलने तथा रखरखाव एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है।

यह पत्र हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल और महासचिव कृष्ण लाल पंवार की ओर से जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!