रोहतक में शुक्रवार देर शाम नए जिला शिक्षा अधिकारी के पदभार ग्रहण को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। नए जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार देर शाम को जॉइनिंग की बात कही तो रोहतक की कार्यरत डीईओ ने सुबह जॉइनिंग की बात कही।इस वजह से डीईओ ऑफिस में काफी समय तक गहमा-गहमी का माहौल रहा। डीईओ के घर जाने के बाद नए डीईओ ने मामले की शिकायत शिक्षा मंत्री, डीसी व अन्य अधिकारियों को दी। साथ ही अपनी जॉइनिंग रिपोर्ट भी खुद की पर्सनल ई-मेल से भेज दी। साथ ही इस विवाद के चलते काफी कर्मचारी भी कार्यालय में देर रात तक ही मौजूद रहे।
विरेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि वे चरखी दादरी में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को उनके ट्रांसफर ऑर्डर आए और उन्हें रोहतक जिले के डीईओ का कार्यभार मिला। आदेशों में तुरंत जॉइन करने के लिए लिखा था। इसलिए उन्होंने शुक्रवार को डायरेक्टर के साथ हुई वीडिया कॉन्फ्रेंस खत्म करके चरखी दादरी के जिला शिक्षा अधिकारी का पद छोड़ दिया।वहीं रोहतक में जॉइन करने के लिए शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े 7 पहुंचे। रोहतक की जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया कि उनका ट्रांसफर हो चुका है और यहां कार्यभार ग्रहण करना है, लेकिन उन्होंने डिस्पैच रजिस्टर व ई-मेल आदि देने से मना कर दिया और कहा कि शनिवार सुबह जॉइन करें।
विरेंद्र मलिक ने कहा कि वे चरखी दादरी से आ चुके हैं और उन्हें तुरंत रोहतक जॉइनिंग करने के आदेश मिले थे। इसलिए खुद की पर्सनल ई-मेल आईडी से शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव व डीसी रोहतक को जॉइनिंग रिपोर्ट व शिकायत भेज दी। शुक्रवार शाम को करीब साढ़े 7 बजे रोहतक पहुंचे और रात करीब 10 बजे तक जॉइनिंग को लेकर ऑफिस परिसर में गहमा-गहमी रही।
विरेंद्र मलिक ने कहा कि जब वे जॉइनिंग करने के लिए आए तो उस समय पहले वाली जिला शिक्षा अधिकारी मौजूद थीं शनिवार को जॉइनिंग कराने की बात कहकर चली गईं। बाद में जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर ताला लगा मिला। इसलिए उन्हें जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बैठकर शिकायत लिखनी पड़ी।
नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी विरेंद्र मलिक का शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने स्वागत किया। इस दौरान कई स्कूलों के प्रिंसिपल भी पहुंचे और सभी ने जॉइनिंग रिपोर्ट भेजने के बाद देर रात को ही नए डीईओ का स्वागत किया।
