हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार, कैथल और नारनौल में शनिवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आज महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, हिसार में मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी।
उधर, मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक, पंजाब के संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट में अगले कुछ घंटों में बारिश की उम्मीद है।

हिमाचल के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही मौसम खराब है। मगर, बारिश कुछेक स्थानों पर ही हुई है। सुबह 8.30 बजे तक धर्मशाला में सबसे ज्यादा धर्मशाला 52.4 MM, कसौली में 39 और शिमला के जुब्बड़हटी में 33.6 MM बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून, पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल और पंजाब के बचे हुए इलाकों में आगे बढ़ेगा।
2 दिन से हुई बारिश और हवा चलने के कारण हरियाणा के अधिकतर शहरों का तापमान 40 डिग्री के नीचे है। शुक्रवार को सिरसा का तापमान सबसे ज्यादा 40.6 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान फरीदाबाद का 24.3 दर्ज किया गया।
