हरियाणा में मंगलवार शाम को हुई आंधी-बारिश के बाद आज बुधवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर बारिश के बावजूद एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में मंगलवार को 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

साथ ही प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय कई जिलों में गर्मी और लू का असर महसूस किया जा रहा है। हालांकि शाम को आंधी व बारिश आ गई। जिससे शाम के समय कई जिलों के लोगों को गर्मी से राहत मिली

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रोहतक में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार और सिरसा में 44.8 डिग्री, अंबाला में 43.6 डिग्री, करनाल में 43.4 डिग्री, नूंह में 43.2 डिग्री तथा गुरुग्राम और रोहतक (एडब्ल्यूएस) में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में भी गर्मी का असर बना रहा। नारनौल में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तथा महेंद्रगढ़ में 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि महेंद्रगढ़ में 19 मिलीमीटर और भिवानी में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज होने से कुछ क्षेत्रों में गर्मी से हल्की राहत मिली।

मौसम विभाग ने बुधवार 10 जून के लिए प्रदेश के 13 जिलों में हीट वेव (लू) चलने की संभावना जताई है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। इन जिलों में दोपहर के समय तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।

विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इसके बाद 11 और 12 जून को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 13 और 14 जून को भी कुछ क्षेत्रों में छिटपुट वर्षा गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके अलावा 11 और 12 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 13 और 14 जून को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!