हरियाणा में इस बार भीषण गर्मी पड़ रही है। यह पहली बार जब हरियाणा में 18 दिन से लगातार लू चल रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मई 2002 के बाद ऐसी स्थिति आई है, जब मई में लगातार 18 दिन लू चली हैं। प्रदेश में लू के थपेड़ों ने आमजन को बेहाल कर दिया है।

13 मई से लगातार दिन का पारा 40 डिग्री के पार है। कई जगह तो यह 45 डिग्री के पार चल रहा है। सिरसा में पारा पिछले दिनों 50.3 डिग्री तक जा चुका है। बीते गुरुवार को भी देशभर में सबसे ज्यादा 49.1 डिग्री पारा सिरसा का रहा।

सिरसा में लगातार 5 दिन से तापमान 47 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। आज नौतपा के सातवें दिन भी ऐसे ही हालात रहेंगे। संभावना है कि रात से एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से कल से सूबे में बारिश के आसार बन सकते हैं।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 1 से 3 जून तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 1 जून को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में बारिश हो सकती है।

जबकि, अन्य जिलों के भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 2 और 3 जून को भी कुछ जगह बारिश की संभावना है। इस बीच गर्मी के कारण बिजली की डिमांड भी बढ़ गई है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लू से बचाव को एडवाइजरी जारी की गई है। लू से बचाव के लिए हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, सिर ढंक कर रखें, कपड़े, हैट या छतरी का उपयोग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं-भले ही प्यास न लगी हो, ORS (ओरल रीहाइड्रेशन सॉल्यूशन) व घर में बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का मांड), नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें।

बच्चों को वाहनों में छोड़कर न जाएं, उन्हें लू लगने का खतरा हो सकता है। नंगे पांव बाहर न जाएं, गर्मी से राहत के लिए हाथ का पंखा अपने पास रखें, काम के बीच में थोड़ा-थोड़ा विश्राम लें, खेत खलिहान में काम कर रहे हैं तो समय-समय पर पेड़ या छाया में आसरा लें।

एडवाइजरी के अनुसार, गर्मी के मौसम में जंक फूड का सेवन न करें। ताजा फल, सलाद और घर में बना खाना खाएं। खास तौर से दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे के बीच धूप में सीधे न जाएं। यदि बच्चे को चक्कर आएं, उल्टी घबराहट या तेज सिरदर्द हो, सीने में दर्द हो या सांस लेने में कठिनाई हो तो चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें।

बढ़ती गर्मी में वृद्ध एवं कमजोर व्यक्तियों की खास देखभाल करें। तेज गर्मी, खास तौर से जब वे अकेले हों तो कम से कम दिन में 2 बार उनकी जांच करें। ध्यान रहे कि उनके पास फोन हो, यदि वे गर्मी से बेचैनी महसूस कर रहे हों तो उन्हें ठंडक देने का प्रयास करें, उनके शरीर को गीला रखें, उन्हें नहलाएं या उनकी गर्दन तथा बगलों में गीला तौलिया रखें। उनके पास हमेशा पानी की बोतल जरूर रखें।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!