रेवाड़ी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखने वाले डॉक्टरों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी अस्पताल में दवा उपलब्ध है और इसके बावजूद डॉक्टर मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए लिखते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा शिकायतें इसी बात को लेकर मिल रही हैं कि अस्पताल में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद डॉक्टर मरीजों को सॉल्ट के नाम पर बाहर से दवा खरीदने की सलाह देते हैं।

दवा उपलब्ध है तो बाहर से क्यों खरीदनी पड़े?

आरती राव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब सरकारी अस्पताल में दवा उपलब्ध है, तो मरीज को बाहर से खरीदने के लिए मजबूर क्यों किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर की नीयत पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराना है। यदि अस्पताल में दवा होने के बावजूद मरीज को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है, तो सरकारी व्यवस्था का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाएगा।

मंत्री ने कहा कि इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अमृत फार्मेसी में कम कीमत पर मिलेंगी दवाइयां

नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने जन औषधि योजना को मरीजों के लिए लाभकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों पर दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं।

इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के दौरान राहत मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि किसी भी मरीज पर दवाइयों के खर्च का अतिरिक्त बोझ न पड़े और उसे सस्ती दरों पर दवाइयां मिल सकें।

विधायक लक्ष्मण यादव की गैरमौजूदगी पर क्या बोलीं मंत्री?

कार्यक्रम में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव की गैरमौजूदगी भी चर्चा में रही। जब स्वास्थ्य मंत्री से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि विधायक को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया था। वह क्यों नहीं आए, इसका जवाब उनसे ही पूछा जाना चाहिए।

मंत्री के इस बयान के बाद कार्यक्रम में विधायक की अनुपस्थिति को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

फूलचंद मौलाना के निधन पर जताया शोक

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष फूलचंद मौलाना के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से प्रदेश को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल और भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!