“52 गज का दामन” और ‘चटक मटक’ जैसे सुपरहिट गीतों से सुर्खियां बटोरने वाली हरियाणवी सिंगर रेणुका पंवार एक बार फिर चर्चा में है। रेणुका पंवार अगले महीने एक माह के लिए USA भी जाने वाली हैं, जहां वे हरियाणवी गीतों के माध्यम से लाइव परफॉर्मेंस देंगी। उनके पांच अलग-अलग लोकेशन पर लाइव शो होंगे।

रविवार को वे वृंदावन में धार्मिक यात्रा पर रहीं। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक देवी चित्रलेखा, देवकीनंदन ठाकुर, अनिरुद्ध आचार्य से आशीर्वाद लिया। देवी चित्रलेखा के साथ जहां उन्होंने गौ सेवा की, वहीं देवकीनंदन ठाकुर ने उनके साथ एक गीत गाने की इच्छा जताई। अनिरुद्ध आचार्य ने उन्हें अमेरिका टूर की शुभकामनाएं दीं।

साथ ही इसी प्रकार हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने और अच्छे कंटेंट के माध्यम से संस्कृति को बदनाम होने से भी बचाने की सलाह दी। बातचीत में देवी चित्रलेखा ने तो रेणुका को हरियाणवी भाषा में भजन लिखने और कोलैब करने की पेशकश भी की। आगामी दिनों में रेणुका उनके साथ भजन में नजर आ सकती हैं।

रेणुका पंवार अपने दो भाइयों और टीम के साथ रविवार को सुबह 11 बजे से लेकर रात 8 बजे तक वृंदावन क्षेत्र में अलग-अलग कथावाचकों के दरबार में पहुंचीं। सबसे पहले करीब 11 बजे देवी चित्रलेखा के पास पहुंचीं। जहां उन्होंने देवी चित्रलेखा के गौ सेवा धाम अस्पताल में करीब एक घंटे तक घायल, बीमार और असहाय गौवंश की सेवा की और उन्हें गुड़ भी खिलाया।

देवी चित्रलेखा ने रेणुका पंवार, विक्की पंवार और उनके छोटे भाई सागर पंवार को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। करीब 30 मिनट की इस मुलाकात में देवी चित्रलेखा ने रेणुका से करियर और परिवार के बारे में भी जानकारी हासिल की।

इसके बाद करीब 3 बजे रेणुका पंवार की कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर से मुलाकात हुई। रेणुका पंवार ने बताया कि वे करीब 2 बजे ही वहां पहुंच गई थीं और इस दौरान आश्रम में विश्राम किया। देवकीनंदन ठाकुर ने रेणुका से दो भजन सुने। इनमें एक भजन राधिका पर आधारित था, जबकि दूसरा भगवान श्रीराम द्वारा धनुष तोड़ने के प्रसंग पर आधारित था।

भजन सुनने के बाद देवकीनंदन ठाकुर ने रेणुका के गायन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कंठ पर साक्षात सरस्वती मां का वास है। करीब तीन महीने पहले भी रेणुका पंवार की उनसे मुलाकात हुई थी। देवकीनंदन ठाकुर ने भी रेणुका पंवार से एक गीत लिखने की फरमाइश की। रेणुका ने बताया कि देवकीनंदन महाराज स्वयं ब्रजभाषा में गीत लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!