चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी शहर को जल्द ही प्रदेश की पहली स्मार्ट रोड की सौगात मिलने जा रही है। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए लगभग 32.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया जाएगा। इसमें फ्री वाई-फाई, हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और म्यूजिक सिस्टम जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य केवल सड़क को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि शहर के बाजारों और मुख्य मार्गों को आधुनिक, सुरक्षित और आकर्षक बनाना भी है। सड़क के दोनों ओर भूमिगत यूटिलिटी डक्ट बनाई जाएंगी, ताकि भविष्य में बिजली, पानी और टेलीकॉम की लाइन डालने के लिए बार-बार सड़क की खुदाई न करनी पड़े।

सड़क के दोनों किनारों पर बनेंगी भूमिगत डक्ट

स्मार्ट रोड के दोनों तरफ भूमिगत डक्ट तैयार की जाएंगी। इनमें बिजली की तारें, टेलीकॉम केबल और वाटर पाइपलाइन डाली जाएंगी। भविष्य में LPG पाइपलाइन बिछाने के लिए भी जगह रखी जाएगी। इससे मरम्मत और नई सुविधाओं के विस्तार में आसानी होगी। इसके अलावा ड्रेनेज सिस्टम भी भूमिगत रहेगा और सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

रात में चमकेंगी सड़क की सफेद पट्टियां

पूरे 5 किलोमीटर मार्ग पर आधुनिक साइन बोर्ड, लेन मार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग बनाई जाएगी। इन पर थर्मोप्लास्टिक पेंट का इस्तेमाल होगा, जो वाहनों की लाइट पड़ने पर चमकेगा। इससे रात के समय सड़क पर दिशा और लेन स्पष्ट दिखाई देंगी तथा सड़क हादसों की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

सजावटी LED लाइटों से बदलेगा शहर का लुक

स्मार्ट रोड और स्मार्ट बाजार में सामान्य बिजली के खंभों की जगह सजावटी पोल लगाए जाएंगे। इन पर आधुनिक LED लाइटें लगेंगी। तिरंगे और थीम आधारित लाइटों से भी सड़क को सजाया जाएगा, जिससे रात के समय शहर का नजारा आकर्षक दिखाई देगा।

स्मार्ट बाजार में म्यूजिक और अनाउंसमेंट सिस्टम

रेलवे स्टेशन से परशुराम चौक और काठ मंडी तक स्मार्ट बाजार में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाएगा। इसके माध्यम से धीमा संगीत बजाने के साथ जरूरत पड़ने पर आपात स्थिति, ट्रैफिक और अन्य जरूरी सूचनाएं भी प्रसारित की जा सकेंगी।

फ्री Wi-Fi और CCTV कैमरों से होगी निगरानी

स्मार्ट रोड के पूरे 5 किलोमीटर हिस्से में फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा के लिए हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इनके जरिए पूरे मार्ग पर 24 घंटे निगरानी रखने की व्यवस्था की जाएगी।

2016 में शुरू हुई थी स्मार्ट सिटी परियोजना

हरियाणा में स्मार्ट सिटी परियोजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। शुरुआत में यह योजना बड़े शहरों के लिए बनाई गई थी, लेकिन उस समय सड़क और बाजार को स्मार्ट बनाने की योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। वर्ष 2024 में सरकार ने छोटे शहरों में भी इस परियोजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। इसके तहत शहरों में एक-एक सड़क और बाजार चिन्हित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी प्रक्रिया के बाद चरखी दादरी की सड़क के लिए 32.26 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद चरखी दादरी को आधुनिक सड़क, बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था, डिजिटल सुविधाओं और सुरक्षा के लिहाज से नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!