पहाड़ों से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण नए साल पर हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। रविवार को अधिकतर जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। हिसार के बालसमंद और नारनौल में रातें प्रदेश में सबसे ठंडी रहीं।

बालसमंद का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में रात का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 11 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम जिले शामिल हैं। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही।

प्रदेश में 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। घने कोहरे के कारण अंबाला, अमृतसर और दिल्ली की ओर जाने वाली 25 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। 14 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब 9 घंटे देरी से चल रही हैं, जबकि 11 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

मौसम विभाग ने नए साल पर 14 जिलों में शीतलहर और ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी तक हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पलवल, जींद, भिवानी, चरखी-दादरी में शीतलहर चलने की संभावना है।

शीतलहर से कड़ाके की ठंड और कोहरे से घना कोहरा के आसार हैं। मौसम विभाग ने 3 जनवरी तक हरियाणा में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया है कि 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हिमालय की और से चलने वाली बर्फीली हवाओं से हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंड को प्रचंड बना दिया है। इसके कारण नमी बढ़ने से सूबे के अधिकांश इलाकों की ऊपरी सतह पर कोहरे की सफेद चादर छाने के आसार हैं। इससे एक बार फिर से रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।

हरियाणा में बदले मौसम के मिजाज से अधिकांश जिलों की हवा में सुधार हुआ है। चरखी दादरी ऐसा जिला रहा जहां का AQI 158, गुरुग्राम का 138, फरीदाबाद का 136, रोहतक का 110, पंचकूला का 105 रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है 1-2 दिन में मौसम के खुश्क रहने के साथ ही प्रदूषण के ग्राफ में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। खासकर NCR के जिलों में प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी होगी।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में 3 जनवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से दिन व रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ क्षेत्रों में सुबह धुंध रह सकती है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!