रोहतक, 14 अक्टूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे कुरुक्षेत्र के मल्टी आर्ट सेंटर में राज्य स्तरीय नगाड़ा (बंचारी) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक संगीत एवं लोक वाद्ययंत्रों को प्रोत्साहित करना तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है।
सतबीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 75 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 65 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दल को 55 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक विजेता दल को 10 हजार रुपये मिलेंगे।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी कलाकारों के लिए हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा उन्हें अपना आधार कार्ड साथ लाना होगा। प्रत्येक दल में 10 कलाकारों का होना आवश्यक है। प्रतियोगिता में प्रत्येक दल को अपनी प्रस्तुति के लिए तीन से पांच मिनट का समय दिया जाएगा।
सतबीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रस्तुतियां पारंपरिक रसिया गायन, हरियाणवी पारंपरिक लोकगीतों एवं लोक संगीत पर आधारित होनी चाहिए। फिल्मी धुनों पर आधारित प्रस्तुतियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। हरियाणवी लोक परिधान में प्रस्तुति देना भी अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कलाकार केवल एक ही दल के माध्यम से प्रस्तुति दे सकते हैं। यदि कोई कलाकार दूसरे दल के साथ भी प्रस्तुति देता पाया जाता है, तो संबंधित दल को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा। प्रतियोगिता के संबंध में निर्णायक मंडल द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। हरियाणा की लोक कलाओं और पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना आवश्यक है। ऐसी प्रतियोगिताएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ पारंपरिक लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
