कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर हरियाणा पुलिस अलर्ट मोड पर है। रोहतक-दिल्ली बॉर्डर सहित कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में रोहतक जिला परिषद सदस्य जयदेव डागर और उनके साथियों को सांपला पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार जयदेव डागर अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने उनकी गाड़ी रुकवाकर उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान जयदेव और पुलिसकर्मियों के बीच काफी बहस भी हुई, लेकिन पुलिस उन्हें और उनके साथियों को थाने ले गई। पुलिस ने दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे अन्य युवाओं को भी हिरासत में लेना शुरू कर दिया है।

उधर, भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वह CJP के प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि 6 से 8 जून तक हरिद्वार में उनका राष्ट्रीय चिंतन शिविर आयोजित है, जिसका कार्यक्रम पहले से तय था। हालांकि उन्होंने कहा कि उनके कुछ साथी प्रदर्शन में शामिल होकर सहयोग करेंगे।

22 मई को भी किया था प्रदर्शन

जयदेव डागर इससे पहले 22 मई को भी कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने जिला उपायुक्त के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा था। जिले में CJP के बैनर तले प्रदर्शन करने वाले वह पहले प्रमुख व्यक्ति थे, जिसके बाद कई युवा उनके साथ जुड़े।

जयदेव डागर ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा था कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के समर्थन में बड़ी संख्या में युवा जंतर-मंतर पहुंचेंगे।

दीपक धनखड़ पहले ही पहुंचे दिल्ली

वहीं आम आदमी पार्टी की छात्र विंग के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष दीपक धनखड़ शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे बाद पुलिस की टीम उन्हें हिरासत में लेने के लिए उनके घर पहुंची, लेकिन तब तक वह दिल्ली पहुंचने के लिए निकल चुके थे।

सूत्रों के अनुसार पुलिसकर्मी फिलहाल उनके घर पर मौजूद रहे, जबकि दीपक धनखड़ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रदर्शन को लेकर हरियाणा और दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!