हरियाणा रोडवेज राज्य भर में यात्रियों को सुरक्षित और समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। 24 डिपो और 13 उप-डिपो के नेटवर्क के साथ विभाग करीब 4,108 बसों का संचालन करता है, जो प्रतिदिन लगभग 11.38 लाख किलोमीटर की दूरी तय करते हुए करीब 6.03 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करती हैं।
विभाग के एक प्रवक्ता के अनुसार, सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ-साथ हरियाणा रोडवेज अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर रहा है। इसी क्रम में निगम करीब 40 श्रेणियों के यात्रियों को मुफ्त या रियायती यात्रा की सुविधा प्रदान करता है।
अब राज्य सरकार ने दिव्यांगजनों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पहले वर्ष 2007 में राज्य के भीतर 100 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्तियों को एक सहायक के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी, जिसे वर्ष 2010 में चंडीगढ़ और दिल्ली तक विस्तारित किया गया था।
दिव्यांगजनों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने अब 40 से 99 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को भी हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है।
राज्य परिवहन विभाग के प्रशासनिक सचिव ने वित्त विभाग से परामर्श के बाद 24 अप्रैल को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.22 लाख दिव्यांग व्यक्तियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे दिव्यांगजनों की आवाजाही आसान होगी और उन्हें शिक्षा, रोजगार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

