हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार एवं सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित कराई गई सीनियर सेकेंडरी (12वीं) कक्षाओं का वार्षिक परीक्षा परिणाम 13 मई को घोषित किया जा चुका है।

जो परीक्षार्थी अपने परीक्षा परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, ऐसे परीक्षार्थियों के हित तथा परिणाम में पारदर्शिता का बढ़ावा देने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा उत्तर पुस्तिका की पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन का प्रावधान किया गया है।

परीक्षार्थी पुन: जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए बोर्ड द्वारा निर्धारित शुल्क के सहित बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के अंदर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी पुन: जांच के लिए शुल्क 250 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका के साथ आवेदन कर सकते है। पुनर्मूल्यांकन के लिए 1000 रुपए एवं बीपीएल परीक्षार्थियों के लिए 800 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका/विषय शुल्क सहित आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधूरा फार्म/बिना शुल्क प्राप्त आवेदन रद्द कर दिया जाएगा।

यदि कोई परीक्षार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति लेना चाहता है तो वह परीक्षा परिणाम घोषित होने के 60 दिन के अंदर बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध अंडरटेकिंग फार्म तथा अपनी दो आईडी संलग्न करते हुए अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से 500 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।

परीक्षार्थी द्वारा वांछित उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति उन द्वारा उपलब्ध करवाई गई ई-मेल आईडी पर भेज दी जाएगी। यदि किसी कारण से परीक्षार्थी अपना प्रमाण-पत्र एवं माइग्रेशन प्रमाण-पत्र पुन: जारी करवाना चाहते हैं तो वह बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध फार्म भरकर निर्धारित शुल्क सहित अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!