हरियाणा के 10 नगर निगमों के मेयर चुनाव के नतीजे आज आएंगे। 8 नगर निगमों हिसार, रोहतक, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद, यमुनानगर, करनाल और मानेसर में मेयर के साथ वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना हो रही है । 2 नगर निगमों, सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए उपचुनाव की मतगणना हो रही है
नगर निगमों के अलावा 32 नगर पालिका और नगर परिषदों के लिए भी चुनाव और उपचुनाव के परिणाम आएंगे। गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला नगर निगम में भाजपा आगे चल रही है, जबकि यमुनानगर में कांग्रेस आगे है। जुलाना नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए भाजपा के डॉ. संजय जांगड़ा ने जीत दर्ज की है।
9 नगर निगम समेत 41 निकायों के लिए 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। वहीं पानीपत की वोटिंग 9 मार्च को हुई थी। जिन 10 नगर निगमों में चुनाव हैं, उनमें पिछली बार 7 पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस और 1 पर हरियाणा जनचेतना पार्टी की मेयर थी। गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम में यह पहला चुनाव है।
प्रदेश में यह निकाय चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि 5 महीने पहले ही यहां विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी थी। हालांकि उस वक्त माहौल कांग्रेस के पक्ष में था। इसका असर वोटिंग परसेंट में भी दिखा। भाजपा को 90 में से 48 सीटों पर जीत में कुल 39.94% वोट मिले। वहीं कांग्रेस को सीटें 37 मिलीं लेकिन उनका वोट परसेंट 39.09% रहा।
