रोहतक, 12 अगस्त। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आजादी के 79वें वर्ष के उपलक्ष्य में जिला रोहतक में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को रोहतक, सांपला एवं महम में भव्य तिरंगा बाइक रैलियों का आयोजन किया गया। रैली में नागरिकों, युवाओं एवं बाइक सवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
सांपला में तिरंगा बाइक रैली को उपमंडलाधीश अंकिता पुवार व तहसीलदार गुलाब सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने तिरंगा बाइक रैली को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर से झंडी दिखाकर रवाना किया। उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, तहसीलदार यशपाल शर्मा, नायब तहसीलदार विजेंद्र सिंह ने स्वयं बाइक पर सवार होकर रैली में हिस्सा लिया। महम में उपमंडलाधीश विपिन कुमार, तहसीलदार रवि कुमार ने तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रैलियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्र प्रेम व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। तिरंगा बाइक रैली का उद्देश्य शहरवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड भी करें। उन्होंने कहा कि नागरिक राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान बनाए रखें।
आशीष कुमार ने कहा कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला में विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पिछले दो दिनों के दौरान शहर में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स एवं प्रदर्शनी लगाए गई, जिनमें नागरिकों ने बढ़-चढक़र भागीदारी की और देशभक्ति के रंग में रंगे इन आयोजनों का आनंद लिया। उन्होंने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी नागरिकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर नागरिक के मन में तिरंगा और हर घर पर तिरंगा ही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता है।
उन्होंने कहा कि आज आयोजित तिरंगा बाइक रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से सराबोर नजर आया। आशीष कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारियों और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!