हरियाणा के नूंह में आज सुबह-सुबह बारिश के साथ ओले गिरे। पुन्हाना में करीब 10 मिनट तक ओलावृष्टि हुई। हालांकि अभी यहां बारिश जारी है। फरीदाबाद और पलवल में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। गुरुग्राम, चरखी दादरी, नारनौल और झज्जर में बादल छाए हुए हैं। भिवानी में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि अब मौसम साफ है।

वहीं हिसार, जींद, पंचकूला, सिरसा, सोनीपत, पानीपत, करनाल, फतेहाबाद और कैथल में मौसम साफ है। कुरुक्षेत्र में देर रात बारिश हुई थी। अभी मौसम साफ है और धूप खिली है।

मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात व पलवल में 25 से 50 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। जबकि अन्य जिलों में 25 प्रतिशत तक बारिश का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 7 मई तक गर्मी का प्रकोप कम रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में 50-75 प्रतिशत संभावना है। जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत व सोनीपत में 25-50 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। वहीं अन्य जिलों में 25 प्रतिशत तक बारिश संभावित है।

5 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश का अनुमान है। जिसमें से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व जींद में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में 25-50 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है।

प्रदेश के अधिकतर जिलों में शुक्रवार तड़के आंधी के साथ बारिश हुई। आंधी से प्रदेशभर में 2592 पेड़, 2603 बिजली के खंभे गिरे और 111 ट्रांसफार्मर डैमेज हुए हैं। इससे 2 से 16 घंटे तक बिजली आ​पूर्ति बाधित रही। जींद के ईंटल कलां, अकालगढ़ और हिसार के बरवाला में बिजली गिरने से एक-एक घर की दीवारों व छत में दरारें आ गईं। पंखे, टीवी, फ्रिज, इनवर्टर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!