गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. एक्सप्रेसवे के फ्लाईओवर के नीचे लोहे के ग्रिल लगाने का काम कर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है.
हादसा देर रात करीब 2:15 बजे द्वारका एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर के नीचे हुआ. उस समय मजदूर एक्सप्रेसवे के नीचे लोहे के ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे. इस दौरान तेज रफ्तार कार DL7CT-3165 अनियंत्रित होकर वहां काम कर रहे मजदूरों से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो मजदूरों की मौत हो गई. मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
इस दर्दनाक हादसे में बिजेंद्र और पप्पू सिंह की मौत हो गई. दोनों बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के निवासी थे. दोनों की उम्र करीब 58 से 60 वर्ष बताई जा रही है. हादसे में सतीश चंद (45) और राम कुमार (28) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सतीष और राम कुमार कहां के निवासी हैं, ये पता लगाया जा रहा है.

गुरुग्राम पुलिस ने शराब की पुष्टि के लिए कार चालक के ब्लड सैंपल भी लिए हैं. जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है. पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया “प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और इसी दौरान अनियंत्रित होकर सड़क पर काम कर रहे मजदूरों से जा टकराई. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है.”
