रोहतक, 17 सितंबर : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अभियान के तहत जिला की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में एक साथ विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य निवारक, प्रोत्साहक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
स्थानीय जिला नागरिक अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर राम अवतार वाल्मीकि तथा अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा के अतिरिक्त जिला के सभी उप-सिविल सर्जन तथा जिला नागरिक अस्पताल के कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि एवं अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के और अधिक करीब पहुंचाने के उद्देश्य से तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से समुदाय स्तर तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहायता मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक साथ उपलब्ध करवाई गईं :-
अभियान के तहत जिला की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष टीकाकरण शिविर, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर, निरोगी स्वास्थ्य शिविर, गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग, दंत चिकित्सा शिविर तथा हीमोग्लोबिन जांच शिविर आयोजित किए गए। विशेष टीकाकरण शिविरों के माध्यम से सभी पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने और टीकाकरण कवरेज को बढ़ाने का प्रयास किया गया।
शिविरों में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। वहीं निरोगी स्वास्थ्य शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं निवारक तथा प्रोत्साहक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। सामान्य गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की गई, ताकि रोगों की शीघ्र पहचान कर आवश्यक उपचार, प्रबंधन एवं रेफरल की सुविधा सुनिश्चित की जा सके। दंत शिविरों में दंत रोगों की जांच, प्राथमिक दंत स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया।
एनीमिया की पहचान के लिए एचबी जांच और 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ :-
अभियान के तहत आयोजित एचबी जांच शिविरों में एनीमिया की पहचान के लिए हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जांच के आधार पर लाभार्थियों को आवश्यक परामर्श, उपचार एवं जरूरत पड़ने पर रेफरल की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। इसी अवसर पर एनीमिया मुक्त भारत के अंतर्गत 100 दिवसीय अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान कार्ड निर्माण पर जोर
अभियान के दौरान लाभार्थियों को आभा आईडी बनवाने की सुविधा एवं सहयोग भी प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, ताकि पात्र नागरिक संबंधित स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत उपलब्ध उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष ध्यान
सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से पोषण माह के अंतर्गत भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया।
रक्तदान शिविरों का भी आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला में भगवतीपुर तथा स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए। इन शिविरों में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता को मजबूत करना तथा स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा स्वयं और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।


