कटड़ा। अगर आप मां वैष्णो देवी के दर्शन का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। मौसम में बदलाव के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। शुक्रवार को दिन में अधिकांश समय मौसम साफ रहने के कारण श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रही।

वहीं, मां वैष्णो देवी यात्रा के महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है और यह कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। संबंधित इंजीनियरों व कर्मचारियों के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।

निर्माण कार्य जारी रहने के बावजूद बैटरी कार सेवा के संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ रहा है। बैटरी कार सेवा सुचारू रूप से जारी है और श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग के साथ-साथ बैटरी कार मार्ग का इस्तेमाल कर भवन की ओर लगातार रवाना हो रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। बरसात का मौसम बीतने के बाद तापमान में बदलाव के चलते भवन की ओर जाने वाले श्रद्धालु अपने साथ हल्के गर्म कपड़े लेकर चल रहे हैं। हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस का भी सामना करना पड़ा।

शुक्रवार को दिन में मौसम साफ रहने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा अधिकांश समय उपलब्ध रही। श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी के भवन की ओर बढ़ते रहे। भवन पहुंचकर श्रद्धालुओं ने मां के दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा सामान्य बनी हुई है। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार से प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजार में श्रद्धालुओं की हल्की रौनक देखने को मिल रही है।

स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी शारदीय नवरात्रों और सर्दी के मौसम के दौरान यात्रा में और बढ़ोतरी होगी। व्यापारी वर्ग भी नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!