सोना-चांदी के दाम मंगलवार को बढ़ गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,283 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 1.48 लाख रुपए हो गया है। इससे पहले 3 अप्रैल को सोने की कीमत 1.47 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
वहीं, एक किलो चांदी 3,215 रुपए बढ़कर 2.31 लाख रुपए हो गई है, जबकि शुक्रवार को इसकी कीमत 2.28 लाख रुपए प्रति किलो थी।
इस साल सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 2026 में सोना अब तक 14,696 रुपए और चांदी 608 रुपए महंगी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपए पर था, जो अब 1.48 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी की कीमत 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो अब 2.31 लाख रुपए हो गई है।
इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का ऑलटाइम हाई भी छुआ था। लेकिन 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल के बीच ईरान से जुड़ी तनावपूर्ण स्थिति के बाद कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिली। तब से 38 दिन में सोना 11,206 रुपए और चांदी 35,672 रुपए गिर गई है।
सरकार ने सोने, चांदी और प्लैटिनम के गहनों को ‘फ्री’ कैटेगरी से हटाकर ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया है। इसका असर सीधे बाजार में सप्लाई पर पड़ रहा है, जिससे आज सोना-चांदी की कीमतों में तेजी आई है।
विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) की नोटिफिकेशन के अनुसार, अब इन कीमती धातुओं से बनी ज्वेलरी किसी भी देश से मंगाने के लिए सरकार से विशेष लाइसेंस या अनुमति लेनी होगी। यह कदम फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए उठाया गया है।

