हिसार में तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव आज से शुरू हो गया है। राजकीय महाविद्यालय परिसर में आज रविवार से शुरू हुआ यह कार्यक्रम तीन दिन 14 दिसंबर तक चलेगा। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने बताया कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर जिला स्तरीय गीता महोत्सव की थीम पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह में विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को हवन यज्ञ, प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 दिसंबर को प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा गीतासार पर आधारित सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
14 दिसंबर को गीता शलोकोच्चारण, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारितोषिक वितरण तथा नगर शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के समापन अवसर पर नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी।इनमें जीओ गीता, कटला रामलीला, मिशन ग्रीन फाउंडेशन, पतंजलि/भारत स्वाभिमान, बालाजी सेवा समिति मेहंदीपुर, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, जिला बाल कल्याण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला उद्योग केंद्र की झांकी शामिल होंगी।
समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा जनहित के कल्याणार्थ क्रियान्वित की जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से आमजन को दी जाएगी।
