हरियाणा के करनाल में विदेश भेजने के झूठे सपने और पैसों के लेनदेन का खौफनाक परिणाम सामने आया है। कैथल जिले के बुच्ची गांव के मूल निवासी लक्ष्य को बेहतर भविष्य की आस भारी पड़ गई। लक्ष्य के माता-पिता इस दुनिया में नहीं थे, जिसके चलते वह पिछले करीब दस साल से अपने चाचा कश्मीर सिंह के पास करनाल में ही रहकर पढ़ाई और काम कर रहा था।
बारहवीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद लक्ष्य स्टडी वीजा पर रूस गया था, जहां उसकी मुलाकात दुबई में रहने वाले गोस्वामी से हुई। यह मुलाकात धीरे-धीरे ऐसी जान-पहचान में बदली कि लक्ष्य रूस से सीधा दुबई जा पहुंचा, जहां उसकी जिंदगी का सबसे बुरा दौर शुरू हुआ।
दुबई में रहने के दौरान गोस्वामी ने लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया भेजने का बड़ा लालच दिया। चाचा कश्मीर सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके भतीजे ने भरोसे में आकर एजेंट गोस्वामी को कुल आठ लाख रुपये दिए थे।
इसमें से चार लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि बाकी के चार लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर किए गए थे। मोटी रकम वसूलने के बावजूद गोस्वामी ने लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा। जब वादा पूरा नहीं हुआ, तो लक्ष्य अपनी रकम वापस मांगने के लिए वापस करनाल लौट आया, लेकिन आरोपी पैसे लौटाने से कतराने लगे।
रुपये वापस मांगने की यह जिद लक्ष्य की जान की दुश्मन बन गई। घटना से चार-पांच दिन पहले भी लक्ष्य अपने पैसे मांगने आरोपियों के पास गया था, तब परिजनों ने उसे समझाकर शांत किया था। (Visa fraud murder Haryana) लेकिन 14 अक्टूबर की तारीख करनाल के पुराने बस अड्डे के पीछे खून से रंग गई। लक्ष्य अपने दोस्त शिवांक के साथ ब्रेजा कार में सवार होकर वहां पहुंचा था। घात लगाए बैठे 8 से 10 हमलावरों ने अचानक कार को घेर लिया और लक्ष्य को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके पेट में ताबड़तोड़ चाकू घोंपे और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
हमले के तुरंत बाद दोस्त शिवांक लहूलुहान हालत में लक्ष्य को करनाल के अमृतधारा अस्पताल लेकर भागा। हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बाद में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया, जहां वेंटिलेटर पर इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी सांसे थम गईं।
मरने से पहले लक्ष्य ने अपने चाचा को हमलावरों के नाम बता दिए थे, जिनमें अमन (कमालपुर), सोनू (घरौंडा), आर्यन (बस्ताड़ा), गौतम पंडित और पुनीत (गगसीना) शामिल हैं। मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि चाचा कश्मीर सिंह की शिकायत पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरलाज और पुनीत नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ के आधार पर बाकी साथियों की तलाश जारी है।

