जगाधरी–पांवटा नेशनल हाईवे पर लालढांग के पास कलेसर नेशनल पार्क क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मक्के से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दो बाइकों पर पलट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
हादसे में पिता और उनकी दो बेटियों समेत चार लोगों की जान चली गई, वहीं मृतकों में एक रिश्तेदार भी शामिल है। सभी लोग हिमाचल प्रदेश के श्रीरेणुका जी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चुहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान (45) अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ श्रीरेणुका जी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। उनके साथ उनकी पत्नी ऊषा (40), दोनों बेटियां सिमरन उर्फ सिम्मी (14) और मिनल उर्फ मिनी (12), तथा रिश्तेदार फूल सिंह भी शामिल थे।
परिवार की यात्रा के लिए दो बाइक इस्तेमाल की गई थीं। एक बाइक पर राजेंद्र और उनकी पत्नी ऊषा सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर फूल सिंह के साथ दोनों बेटियां बैठी थीं।
सुबह करीब 9 बजे सभी लोग हंसी-खुशी घर से निकले और कलेसर जंगल क्षेत्र से होते हुए हिमाचल सीमा की ओर बढ़ रहे थे।
पहाड़ी ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लालढांग के पास जैसे ही वाहन पहाड़ी ढलान और तीखे मोड़ के करीब पहुंचे, तभी सामने से मक्के के बोरों से भरा ट्रक आता दिखा। ढलान और मोड़ के कारण ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक अचानक रॉन्ग साइड आ गया।
इसी दौरान दोनों बाइकों पर सवार लोग बचने की कोशिश में सड़क किनारे रेलिंग के पास फंस गए। लेकिन कुछ ही पलों में बेकाबू ट्रक दोनों बाइकों के ऊपर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
एक महिला की जान बची, चार की मौत
इस दर्दनाक हादसे में ऊषा बाइक से छिटककर दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं राजेंद्र धीमान, उनकी दोनों बेटियां सिमरन और मिनल, तथा रिश्तेदार फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार ने हंसते-खेलते धार्मिक यात्रा की शुरुआत की थी, वह कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
