रोहतक में चार युवतियां लापता हो गईं। जिनमें से दो छात्राएं तो कॉलेज में पढ़ने के लिए गई थी, लेकिन कॉलेज से वापस ही नहीं लौटी। वहीं तीसरी युवती ईंट भट्ठे से ही गायब हो गई। तो वही एक बच्चे की मां घर छोड़कर भाग गई।जो अपने साथ 10 हजार रुपए व गहने और करीब 3 साल के बेटे को भी साथ ले गई। इसका पता लगने के बाद चारों के परिवार वालों ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी। परिवार वाले व पुलिस सबकी तलाश कर रहे हैं।
पहला मामला: 18 वर्षीय युवती लापता
उत्तर प्रदेश के जिला शामली निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक के एक ईंट भट्ठा पर रहता है। पिछले करीब 3 साल से ईंट भराई का काम करता है। उसके 6 बच्चे, 4 लड़कियां व 2 लड़के हैं। उसकी पांचवें नंबर की करीब 18 वर्षीय लड़की उनके साथ ईंट भट्ठे पर ही रहती थी। इस बीच उसकी बेटी बिना बताए कहीं चली गई। जिसकी काफी तलाश किया, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा।
दूसरा मामला: कॉलेज आई छात्रा लापता
पुलिस थाना लाखनमाजरा में दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। बड़ी लड़की जिसकी उम्र करीब 19 साल है, BBA प्रथम वर्ष की छात्रा है। हर रोज की तरह उसकी लड़की गुरुवार को भी कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से सुबह करीब 8 बजे आई थी, लेकिन शाम को वापस नहीं लौटी। इसके बाद अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
तीसरा मामला: कॉलेज से नहीं लौटी छात्रा
रोहतक शहर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी करीब 21 वर्षीय लड़की कॉलेज में पढ़ाई करती है। बुधवार की सुबह उसकी लड़की घर से कॉलेज जाने की बात कहकर गई थी, लेकिन वह शाम को कॉलेज से वापस नहीं लौटी। जब घर नहीं आई तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा तो इसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
चौथा मामला: बेटे के साथ घर से भागी; 10 हजार रुपए व गहने ले गई साथ
रोहतक के लाखनमाजरा थाना के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2 अप्रैल 2013 को जींद निवासी करीब 29 वर्षीय महिला के साथ हुई थी। उनका एक बेटा है, जिसकी उम्र करीब 3 साल है। उसकी पत्नी शाम को करीब साढ़े 7 बजे घर से बिना बताएं कहीं पर चली गई। 3 वर्षीय बेटे को भी अपने साथ ले गई।
उसने बताया कि उसकी पत्नी घर से 10 हजार रुपए व अपने गहने आदि सामान भी लेकर गई है। पीड़ित ने अपने स्तर पर पत्नी व बेटे को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पर कोई भी सुराग नहीं लगा। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। महिला व बच्चे की तलाश की जा रही है।
पहले भी घर छोड़कर जाती थी महिला
पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी पहले भी लड़ाई-झगड़ा करके घर से चली जाती थी, लेकिन उसके बाद वह मायके में मिल जाती थी। अबकी बार उसका कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को देकर पत्नी व बेटे को तलाश करने की गुहार लगाई।
