हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में जाकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का हालचाल पूछा। मनोहर लाल ने बादल के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की और डॉक्टरों से उनकी सेहत की जानकारी ली।
बादल को 11 जून को पेट की समस्या के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर चुके हैं। देश के वयोवृद्ध राजनेता प्रकाश सिंह बादल 5 बार पंजाब के सीएम रह चुके हैं। पंजाब के सबसे युवा सीएम का खिताब उनके ही नाम है। वह 18 साल 340 दिन तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहे हैं।
इसी साल फरवरी में हुए पंजाब विधानसभा के चुनाव में प्रकाश सिंह बादल आम आदमी पार्टी (AAP) के कैंडिडेट से हार गए थे। अपनी परंपरागत लंबी सीट से चुनाव में उतरे बादल को AAP उम्मीदवार गुरमीत सिंह खडि्डयां से 11,396 वोटों से हराया। बादल 11 बार विधायक रहे।
शिरोमणि अकाली दल और भाजपा का पंजाब में 20 से भी अधिक साल तक गठबंधन रहा। मोदी सरकार के तीन खेती कानूनों के बाद अकाली दल ने यह गठबंधन तोड़ दिया। इसके बाद दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा और दोनों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
एसवाईएल के मुद्दे पर भी हरियाणा भाजपा और शिरोमणि अकाली दल एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। अकाली दल के विधायकों ने विधानसभा में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल का सचिवालय में ही घेराव किया था। उसके बाद हरियाणा सरकार ने अकाली दल की भर्त्सना की थी।
