कैथल/पंचकूला। हरियाणा के पूर्व विधायक सतविंदर राणा का 68 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार को पंचकूला के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके चचेरे भाई राकेश राणा ने निधन की पुष्टि की है।

सतविंदर राणा का अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे उनके गृह क्षेत्र राजौंद में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार में उनकी पत्नी मंजू राणा, बेटा अरुण राणा और बेटी आरती राणा हैं।

तीन दशक से अधिक समय तक राजनीति में सक्रिय रहे

सतविंदर राणा हरियाणा की राजनीति में तीन दशक से ज्यादा समय तक सक्रिय रहे। उन्होंने राजौंद विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया। अपने राजनीतिक सफर में वह कांग्रेस, तिवारी कांग्रेस और जननायक जनता पार्टी (JJP) से जुड़े रहे। बाद में उन्होंने कांग्रेस में वापसी कर ली थी।

1991 में पहली बार चुनाव लड़ा, 1996 में बने विधायक

सतविंदर राणा ने 1991 में राजौंद विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर पहला चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें जनता पार्टी के रामकुमार कटवाल से 2,619 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद 1996 में उन्होंने तिवारी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2005 में वह दूसरी बार राजौंद से विधायक चुने गए।

परिसीमन के बाद राजौंद सीट खत्म, कालका से भी लड़ा चुनाव

परिसीमन के बाद राजौंद विधानसभा क्षेत्र समाप्त हो गया और इसके गांव अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में शामिल कर दिए गए। इसके बाद सतविंदर राणा ने कालका को अपना नया राजनीतिक क्षेत्र बनाया।

उन्होंने 2009 और 2014 में कालका से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले वह JJP में शामिल हो गए और कलायत सीट से चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें करीब 37 हजार वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे।

2024 में रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में कांग्रेस में लौटे

अप्रैल 2024 में सतविंदर राणा ने JJP छोड़ दी थी। उन्होंने पार्टी में कार्यकर्ताओं, नेताओं और किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया था। इसके बाद 11 मई 2024 को रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस में वापसी की।

विधायक हॉस्टल से गिरफ्तारी के मामले में भी रहे चर्चा में

मई 2020 में पानीपत के समालखा में सील किए गए शराब गोदाम से शराब चोरी के मामले में पुलिस ने सतविंदर राणा को चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित विधायक हॉस्टल के पास से गिरफ्तार किया था। जांच में गोदाम में उनकी साझेदारी की बात सामने आई थी। राणा ने उस समय इसे राजनीतिक साजिश बताया था। बाद में अदालत ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया था।

आज राजौंद में होगा अंतिम संस्कार

परिजनों के अनुसार, सतविंदर राणा का पार्थिव शरीर उनके गृह क्षेत्र राजौंद ले जाया जाएगा। शनिवार दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त किया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!