पूर्व सीएम हुड्डा ने शनिवार को रोहतक जिले में कई कार्यक्रमों में शिरकत की। हुड्डा शनिवार को चिड़ी गांव में शहीद हवलदार रामकिशन की मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे। इसके अलावा नए साल के मौके पर किलोई के मढ़ाक धाम के आयोजित होने वाले भंडारे व खेल प्रतियोगिताओं में भी शिरकत की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार घोटालेबाजों को संरक्षण दे रही है।
मामले की जांच क्यों नहीं करवाई जा रही। यह देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी झेल रहे युवाओं के साथ बड़ा अन्याय है। सरकार लगातार प्रदेश के युवाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। एक तरफ प्राइवेट नौकरियों में 75% आरक्षण का जुमला उछाला जाता है तो दूसरी तरफ हरियाणा डोमिसाइल के लिए 15 साल की मियाद को घटाकर 5 वर्ष कर दिया जाता है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज प्रदेश की जनता के सामने अनगिनत समस्याएं खड़ी हैं। लेकिन बीजेपी-जेजेपी सरकार सच्चाई से मुंह फेर रही है। डीएपी के बाद किसानों को यूरिया की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सरकार दावा कर रही है कि खाद की कोई कमी नहीं है। अगर कोई कमी नहीं है तो फिर किसानों और बहन-बेटियों को लंबी-लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है?
