रोहतक के गांव बहलबा में सोमवार सुबह प्लाट में अचानक आग लग गई। इसका पता लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और सूचना देकर दमकल विभाग की गाड़ियों को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण भी दमकल विभाग की गाड़ियों के साथ पानी के टेंकर, ट्रैक्टर स्प्रे टंकी, जेली आदि से आग पर बुझाने में जुट गए। ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। गनीमत रही कि प्लाट में रखी लकड़ी व उपले जले, बड़ा हादसा नहीं हुआ। क्योंकि जिस जगह आग लगी उससे सटकर मकान भी है और मकान की दीवार के पास ही आग लगी हुई थी। अगर आग घर में फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीण विनय अहलावत, उमेश, दिनेश, साहिल उर्फ लाला ,भोलू, कृष्ण, जयदेव, सुभाष, राकेश, विकास आदि ने आग पर काबू पाने में मदद की। उन्होंने बताया कि आग चरण सिंह के प्लाट में लगी है। जहां पर आग लगी उसके पास से सड़क भी गुजर रही है। हालांकि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया।
