हरियाणा के हांसी में शनिवार सुबह लाल सड़क स्थित एक किराना दुकान के ऊपर बने स्टोर में आग लग गई। आग लगने से स्टोर में रखा करीब 60 से 70 हजार रुपये का सामान जलकर खराब हो गया। स्टोर में प्रवेश करने का रास्ता नहीं होने के कारण फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को दीवार तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा। गनीमत रही कि आग नीचे स्थित मुख्य दुकान और आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

पड़ोसियों ने फोन कर दी आग लगने की सूचना

जानकारी के अनुसार, दुकानदार सतीश ग्रोवर पिछले करीब 30 वर्षों से लाल सड़क पर किराना दुकान चला रहे हैं। शनिवार सुबह वह अपने घर पर थे। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदारों ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान के ऊपर बने स्टोर से धुआं निकल रहा है।

सूचना मिलते ही सतीश ग्रोवर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने स्टोर खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर आग की तेज तपिश महसूस होने के कारण वह अंदर नहीं जा सके। इसके बाद उन्होंने नीचे दुकान में बने रोशनदान के जरिए सबमर्सिबल की पाइप से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर विभाग को सूचना दी।

रास्ता नहीं मिला तो दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे कर्मचारी

फायर विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे डायल 112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायरकर्मी जसवीर सिंह, सुरेंद्र खटक और सुनील कुमार मौके पर पहुंचे।

स्टोर में प्रवेश का सीधा रास्ता नहीं होने के कारण कर्मचारियों को दीवार तोड़नी पड़ी। इसके बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया। फायरकर्मियों ने जलने से बचा सामान भी सुरक्षित बाहर निकाला।

₹60 से 70 हजार का सामान खराब

दुकानदार के मुताबिक, आग लगने से स्टोर में रखा करीब 60 से 70 हजार रुपये का सामान जल गया। उन्होंने बताया कि दुकान का मुख्य स्विच भी बंद था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड पहुंचने में हुई देरी, छोटी गाड़ी की कमी आई सामने

इस घटना के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके तक पहुंचने में देरी हुई। फायरकर्मी जसवीर सिंह के अनुसार, सड़क पर खड़े वाहनों के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके अलावा, विभाग के पास छोटी फायर गाड़ी नहीं होने से भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचना मुश्किल होता है।

जानकारी के मुताबिक, छोटी फायर गाड़ी की कमी को लेकर विभाग की ओर से मांग भी भेजी जा चुकी है। ऐसी गाड़ी उपलब्ध होने से तंग गलियों और व्यस्त बाजारों में आग लगने की घटनाओं पर तेजी से काबू पाने में मदद मिल सकती है।

फिलहाल राहत की बात यह रही कि आग मुख्य दुकान और आसपास की दुकानों तक नहीं फैली। हालांकि, घटना ने भीड़भाड़ वाले बाजारों में अग्निशमन व्यवस्था और समय पर मदद पहुंचाने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!