हरियाणा के फतेहाबाद जिले में आंगनबाड़ी वर्कर और वेलनेस कोच सुदेश तथा उसके दो मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मामले में मृतका के परिजनों ने पति पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने भाई की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना से पहले सुदेश ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक रील पोस्ट की थी। रील में पंजाबी गीत “जे पहलां हार गई जिंदगी तों मर्जी अल्लाह दी, इस जन्म तां की कदे तैनु छड़ दी कल्ला नीं” लगाया गया था। बताया जा रहा है कि यह रील उसने आंगनबाड़ी कार्यालय में बनाई थी। इसके कुछ समय बाद वह घर पहुंची और अपने दोनों बच्चों के साथ कथित तौर पर पानी के टैंक में कूदकर जान दे दी।
मृतका के भाई प्रवीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुदेश ने वर्ष 2014 में मेहुवाला निवासी संदीप उर्फ काला से प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे थे। प्रवीण के अनुसार, घटना वाले दिन पहले संदीप का फोन आया और उसने बताया कि सुदेश और बच्चे घर से गायब हैं। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर बताया गया कि तीनों के शव घर के पानी के टैंक में मिले हैं।
प्रवीण का दावा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उसने सुदेश का मोबाइल देखा, जिसमें एक वीडियो रिकॉर्ड मिला। वीडियो में सुदेश ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। उसने कहा कि वह इस वजह से अपनी जान दे रही है। परिजनों का यह भी आरोप है कि सुदेश ने पहले बच्चों को जहरीली स्प्रे पिलाई और फिर खुद भी स्प्रे पीने के बाद पानी के टैंक में छलांग लगा दी। इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सुदेश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और इंस्टाग्राम पर उसके तीन हजार से अधिक फॉलोअर्स थे। वह अक्सर पंजाबी गीतों पर रील बनाती थी। कई वीडियो में उसके बच्चे और परिवार के सदस्य भी नजर आते थे। उसने अपने प्रोफाइल में खुद को वेलनेस कोच भी लिखा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर का करीब 10 फीट गहरा पानी का टैंक भरा हुआ था। पति संदीप घर से बाहर था, जबकि उसकी मां दवाई लेने सिरसा गई हुई थी। घर लौटने पर सुदेश और बच्चे नहीं मिले तो तलाश के दौरान तीनों टैंक में मिले। ग्रामीणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
भट्टू कलां थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन से मिले साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
