यमुनानगर, 21 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी सहित अन्य किसान नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को किसानों ने यमुनानगर के मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने टोल प्लाजा पर जाम लगाकर आवाजाही रोक दी और चेतावनी दी कि जब तक सभी किसान नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरने के चलते टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएसपी तथा संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिलाध्यक्ष संजू ने बताया कि “देश बचाओ मोर्चा” के बैनर तले भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 21 जुलाई को दिल्ली में किसानों की महापंचायत प्रस्तावित थी। उनका आरोप है कि महापंचायत से एक दिन पहले ही पुलिस ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया।
किसानों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक हिरासत में लिए गए सभी किसान नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।फिलहाल प्रशासन और किसानों के बीच स्थिति को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
