हरियाणा के पानीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 60 वर्षीय किसान की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर साइकिल पर करीब ढाई किलोमीटर तक ढोया और जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। तीन दिन से लापता किसान का सुराग शनिवार को मिले CCTV फुटेज से लगा। फुटेज के आधार पर परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान गांव नूरपुर गढ़ी निवासी रणबीर (60) के रूप में हुई है। रणबीर अविवाहित था और खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। वह 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
CCTV फुटेज ने खोला हत्या का राज
शनिवार को परिजनों के हाथ एक CCTV फुटेज लगी, जिसमें गांव का ही रहने वाला सत्यवान (55) अपनी साइकिल के पीछे भारी गठरी बांधकर खेतों के रास्ते पैदल जाता दिखाई दिया। फुटेज देखने के बाद परिजनों को उस पर शक हुआ। उन्होंने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने किसान की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
खेत में हुआ था झगड़ा, धारदार हथियार से किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 जुलाई की रात खेत में काम के दौरान किसी बात को लेकर रणबीर से उसका विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर उसने गुस्से में धारदार हथियार से रणबीर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कट्टे में शव बांधकर साइकिल से ले गया
हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधा और साइकिल के पीछे लादकर करीब ढाई किलोमीटर दूर पसीना गांव के पास स्थित पावर हाउस के पीछे घनी झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वह सामान्य तरीके से गांव में घूमता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो।
निशानदेही पर बरामद हुआ शव
आरोपी के कबूलनामे के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से रणबीर का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस कर रही पूछताछ
सेक्टर-29 थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।
