रोहतक जिले में खेत से घर लौट रहे एक किसान को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी जिसके चलते किसान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद घटनास्थल पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक के भतीजे के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
रोहतक के गांव भैसरू कलां निवासी अंकित ने पुलिस को बताया है कि उसके चाचा जयप्रकाश रोजाना की तरह गांव बाहर सड़क किनारे अपने खेतों पर गए हुए थे। वहां से लौटते वक्त किसी बाइक सवार ने लापरवाही व तेजी के साथ उनको टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क किनारे उछलकर गिरे, जिसकी वजह से उनके सिर में गहरी चोट आई और मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया।
किसान के काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इस बीच गांव के ही एक युवक ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। मृतक किसान के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। मामले में थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी बाइक सवार की तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
