हरियाणा के हिसार में बड़े रियल एस्टेट कारोबारी, कनॉट प्लेस के डायरेक्टर और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र जांगड़ा को 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाश ने व्हाट्सएप पर वॉयस नोट भेजकर खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया और दो दिन के भीतर रकम नहीं देने पर सुरेंद्र जांगड़ा और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
विदेशी नंबर से आया कॉल, फिर भेजा धमकी भरा वॉयस नोट
सुरेंद्र जांगड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब 6:20 बजे उनके व्हाट्सएप पर पुर्तगाल के नंबर (+351…) से कॉल आई। व्यस्त होने के कारण वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। करीब दो मिनट बाद उसी नंबर से 25 सेकेंड का वॉयस नोट भेजा गया।
ऑडियो में आरोपी ने कहा कि वह रोहित गोदारा गैंग का सदस्य है और 2 करोड़ रुपए का इंतजाम करने के लिए दो दिन का समय दिया। साथ ही कहा कि चाहे एसपी या डीएसपी से पुष्टि करवा लें, लेकिन समय रहते रकम नहीं दी तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
परिवार में दहशत, पुलिस से मांगी सुरक्षा
धमकी मिलने के बाद सुरेंद्र जांगड़ा ने एचटीएम थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस धमकी के बाद पूरा परिवार भय के माहौल में है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एचटीएम थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वॉयस नोट की जांच कर कॉल करने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही शिकायतकर्ता की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
7 महीने में रंगदारी का 10वां मामला
जानकारी के मुताबिक, पिछले 7 महीनों में गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर रंगदारी मांगने का यह 10वां मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में गैंग की ओर से दी गई है या किसी ने गैंग का नाम लेकर डराने की कोशिश की है।

