फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में ऊंचा गांव के पास क्राइम ब्रांच और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके पर ही काबू कर लिया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया। आरोपी की पहचान विमल निवासी सुभाष कॉलोनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस, 2 खाली खोल और चोरी की एक बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाइक पर सवार होकर जा रहा था। उसे रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम पर किए दो राउंड फायर
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, बीती रात ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच की टीम थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को चोरी की बाइक पर सवार एक युवक दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर दो राउंड फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और फायरिंग में इस्तेमाल हुए 2 खाली खोल बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी जिस बाइक पर सवार था, वह भी चोरी की निकली।
घायल आरोपी को इलाज के लिए बीके सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चोरी के 20 मामले दर्ज, कई वारदातों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, आरोपी विमल का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ चोरी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में हुई चोरी की 4 से 5 वारदातों में भी वांछित था।
अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी
फिलहाल आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने चोरी की अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उसके साथ इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है।

