फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिजली निगम के सहायक लाइनमैन (ALM) को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सतपाल के रूप में हुई है, जो रतिया के गांव रत्ताखेड़ा में तैनात है। एसीबी की टीम आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ फतेहाबाद ले गई।

एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई की शुरुआत रतिया के गांव जलोपुर निवासी किसान अनिल कुमार की शिकायत पर हुई। शिकायत में किसान ने बताया कि उसके खेत में लगा पुराना ट्यूबवैल खराब हो गया था। इसके बाद उसने उसी खेत में दूसरी जगह नया ट्यूबवैल शिफ्ट कर लिया।

केस दर्ज कराने का डर दिखाकर मांगी रिश्वत

शिकायत के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में तैनात ALM सतपाल मौके पर पहुंचा और किसान से कहा कि ट्यूबवैल को इस तरह शिफ्ट करना गैरकानूनी है। उसने दावा किया कि बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम केवल विभाग कर सकता है और ऐसा करने पर उसके खिलाफ केस दर्ज हो सकता है।

आरोप है कि इसी बात का डर दिखाकर सतपाल ने पहले 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच 15 हजार रुपए में सौदा तय हो गया।

रतिया रोड पर बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही दबोचा

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर कार्रवाई की। किसान ने आरोपी को फोन कर रतिया रोड पर बुलाया। जैसे ही सतपाल ने 15 हजार रुपए की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी ने आरोपी सतपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!