पनामा पेपर लीक मामले में सोमवार को एक तरफ जहां ऐश्वर्या राय बच्चन से ED पूछताछ कर रही थी, वहीं दूसरी ओर राज्यसभा में सरकार पर सपा सांसद जया बच्चन का गुस्सा सातवें आसमान पर था। गुस्से में तमतमाईं जया बच्चन ने केंद्र सरकार और भाजपा सांसदों को यहां तक कह डाला, ‘मैं श्राप देती हूं कि BJP के बुरे दिन जल्द आने वाले हैं।’

दरअसल, नारकोटिक ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक पदार्थ (संशोधन) विधेयक 2021 पर चर्चा करने के लिए जब जया बच्चन को बुलाया गया तो उन्होंने आते ही कहा- ‘मैं आपको (चेयर पर कांग्रेस सांसद भुवनेश्वर कालिता बैठे हुए थे) धन्यवाद नहीं देना चाहती, क्योंकि समझ नहीं आता कि जब आप इस तरफ से चिल्लाकर वेल में जाते थे, उस वक्त को याद करूं या फिर आज आप जो कुर्सी पर बैठे हैं उस वक्त को।

जया बच्चन की बात पर भाजपा सांसद राकेश सिन्हा ने संसद की गरिमा को कम करने का आरोप लगाया। सिन्हा ने जया पर स्पीकर को व्यक्तिगत तौर पर संबोधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सदन में व्यवहार का तरीका नहीं है, इससे सदन की गरिमा को ठेस पहुंची है। कोई भी इस तरह चेयर का अपमान नहीं कर सकता। इस पर जया बच्चन भाजपा सांसद पर बिफर गईं और खूब खरी-खोटी सुनाई।

भाजपा सांसद राकेश सिन्हा के बातों पर जया बच्चन नाराज हो गईं। तमतमाई जया ने कहा कि आप हमें बोलने ही नहीं देते तो आप ही (भाजपा सांसद) अकेले सदन चला लीजिए। जया ने इस दौरान विपक्षी सांसदों की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप लोग भी आखिर किसके आगे बीन बजा रहे हैं। जया बच्चन इतने गुस्से में थीं कि वह हांफने लगीं। उनकी सांस तक फूल रही थी। इस वजह से उन्हें कुछ सेकेंड के लिए रुकना भी पड़ा।

जया बच्चन ने कहा कि सदन में जो हो रहा है वह काफी दुखद है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आपके बुरे दिन बहुत जल्दी आने वाले हैं, इसके लिए आपको मेरी ओर से श्राप है। उन्होंने कहा कि अगर आप लोगों में अपने साथियों के लिए जरा भी सम्मान नहीं है तो हमारा गला ही घोंट दीजिए, बोलने तो दे नहीं रहे हैं। आपके बुरे दिन आएंगे। मैं श्राप देती हूं।

जया ने चेयर से अपील करते हुए कहा कि मेरे खिलाफ और मेरे करियर के खिलाफ अपशब्द कहे गए और ऐसे सदस्यों पर एक्शन होना चाहिए। हालांकि चेयर की ओर से ऐलान किया गया कि टिप्‍पणी अगर उपयुक्‍त नहीं हुई तो इसे रिकॉर्ड से हटा दिया गया था। इस वजह से हंगामा और तेज हो गया, कलिता ने बाद में उच्‍च सदन की कार्यवाही 5 बजे तक स्‍थगित कर दी।

वहीं जया बच्चन का पक्ष लेते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि भाजपा अब चुनाव के वक्त बौखला गई है और उत्तर प्रदेश की सत्ता उनके हाथ से जाने वाली है। इसलिए समाजवादी पार्टी के नेताओं पर दो दिन पहले भी उत्तर प्रदेश में आयकर विभाग ने छापेमारी की है, ताकि वो पार्टी हाई कमान पर दबाव बना सके। उसी कड़ी में सांसद जया बच्चन के परिवार को जान बूझकर तंग किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने कहा कि BJP वाले सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए दबाव की राजनीति कर है जो बेहद शर्मनाक है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!