कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में सड़क हादसे में एक महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर कैथल से पंजाब के पटियाला लौट रहा था। इसी दौरान गांव हरिगढ़ किंगन के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में बच्चे निरवैर सिंह की मौत हो गई। घायलों को पहले गुहला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटियाला रेफर कर दिया गया। मामले में चीका थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पटियाला से रिश्तेदारी में आया था परिवार

पंजाब के पटियाला जिले के गांव ददहेड़ियां निवासी दलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार को वह अपनी नई ई-रिक्शा में परिवार के सदस्यों के साथ कैथल जिले के रसूलपुर मांडी गांव में रिश्तेदारी में आया था।

ई-रिक्शा में जसवंत कौर, राहुल, सुमनप्रीत, सिमरन, वैरोनिका, दिवांश, प्राणवी, वंशिका, तकदीर कौर और निरवैर सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य सवार थे।

रात 10 बजे कार ने मारी टक्कर

दलजीत सिंह के अनुसार, रात करीब 10 बजे परिवार ई-रिक्शा से वापस पटियाला लौट रहा था। जब वे गांव हरिगढ़ किंगन के पास पहुंचे तो पिहोवा की तरफ से आ रही एक कार ने उनकी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। कार की टक्कर से ई-रिक्शा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क पर पलट गया।

सड़क पर गिरकर घायल हुए परिवार के सदस्य

ई-रिक्शा पलटने के कारण उसमें बैठे परिवार के सदस्य सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। हादसे में कई लोगों को चोटें आईं। कार चालक की पहचान सरनदीप सिंह के रूप में हुई है।

आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत गुहला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटियाला भेज दिया गया।

एक महीने के पौते की मौत

दलजीत सिंह ने बताया कि इस हादसे में उनके एक महीने के पौते निरवैर सिंह की मौत हो गई। परिवार के अन्य घायल सदस्यों का उपचार चल रहा है। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कार चालक के खिलाफ केस दर्ज

चीका थाना के जांच अधिकारी विकास ने बताया कि हादसे को लेकर पुलिस को शिकायत मिली है। पुलिस ने कार चालक सरनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!