हरियाणा की BJP नेता सोनाली फोगाट की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उसका PA सुधीर सांगवान अपने व्यवहार की वजह से पहले भी विवादों में रहा है। सुधीर सांगवान को 7 साल पहले रोहतक में उसके मकान मालिक ने 7 महीने में ही खराब व्यवहार के चलते अपने घर से निकाल दिया था। मकान मालिक ने पूरे मोहल्ले को इकट्ठा कर सुधीर को घर से बाहर निकाला था।
सुधीर सांगवान मूल रूप से सोनीपत के गोहाना एरिया के नूरनखेड़ा गांव का रहने वाला है। वह खुद को वकील बताता है। उसने वर्ष 2015-16 में रोहतक के सेक्टर-2 में एक मकान किराए पर लिया। उस समय सुधीर के साथ उसके माता-पिता, पत्नी और बच्चे भी थे।
सुधीर के उस समय के मकान मालिक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुधीर 7 महीने उनके मकान में रहा। बतौर किराएदार उसका व्यवहार बहुत खराब था। उसके पास रोजाना बाहर से बहुत सारे ऐसे लोग आया करते थे जो अच्छे नहीं होते थे। सुधीर इन सबके साथ मिलकर उन्हें परेशान करता। मोहल्ले वालों से भी वह बदतमीजी करता था। उसके घर से गाली-गलौज की आवाजें आती रहती थीं। इन्हीं तमाम कारणों के चलते उन्हें अपना मकान खाली कराने का फैसला लेना पड़ा।
मकान मालिक के अनुसार, सुधीर किराए पर रहने के दौरान अक्सर अपनी पत्नी के साथ झगड़ा किया करता था। जब उन्होंने सुधीर से मकान खाली करने को कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया। इस पर उन्होंने मोहल्लेवालों को इकट्ठा कर सुधीर को सबके सामने एक महीने का नोटिस दिया और उसके बाद अपना घर खाली करवा लिया। सुधीर उनके मकान में 7 महीने रहा और बतौर मकान मालिक उन्होंने उस दौरान बहुत मानसिक तनाव झेला। जब सुधीर उनका मकान खाली करके चला गया, उसके बाद भी लंबे समय तक कई लोग उनके यहां सुधीर सांगवान के बारे में पूछने के लिए आते रहे।
गौरतलब है कि सोनाली फोगाट की 23 अगस्त को गोवा में मौत हो गई थी। सुधीर सांगवान 3-4 साल से बतौर PA सोनाली के साथ काम कर रहा था। सुधीर और उसका साथी सुखविंदर गोवा में सोनाली के साथ ही थे। सुखविंदर भिवानी का रहने वाला है। सोनाली की मौत की खबर सुधीर ने ही फोन करके उसके भाई को दी थी। सोनाली के भाई रिंकू ढाका की शिकायत पर गोवा पुलिस सुधीर और सुखविंदर पर सोनाली की हत्या का केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर चुकी है।
