रोहतक के गांव निंदाना में मंगलवार शाम चार बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर अँधा-धुंध फायरिंग कर दी जिसके चलते युवक को पेट व छाती में दो गोलियां लगी हैं। घायल अवस्था में युवक को पीजीआई भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार निंदाना निवासी 28 वर्षीय अमित उर्फ गबदू मंगलवार शाम गांव की ही एक दुकान से सामान लेकर शराब के ठेके पर पहुंचा। यहां पहले से ही उसका इंतजार कर रहे बुलेट मोटरसाइकिल सवार चार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। अमित ने बचाव किया, लेकिन फिर भी उसके पेट व छाती में दो गोली लग गईं। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर व पीड़ित पक्ष के लोग एक-दूसरे से रंजिश रखते हैं। पहले भी एक-दूसरे पर कई बार हमला कर चुके हैं।
पीजीआई के ट्रामा सेंटर में घायल बेटे के साथ आई उसकी मां ने बताया कि रंजिश के चलते गांव में उसके ससुर व पति को भी गोली मारी गई थी। अब उसके बड़े बेटे पर भी हमला कर दिया गया। हमलावरों से उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। हमलावरों को जल्द पकड़ा जाना चाहिए।
