हरियाणा के झज्जर जिले कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर कोहरे और अंधेरे के कारण एक हादसा हो गया। एक ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया। हादसे में चालक और परिचालक की मौत हो गई। एक शव को गुरुग्राम तो दूसरे को बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में मरने वालों की पहचान रिजवान और तय्युम के रूप में हई है। रिजवान राजस्थान के अलवर जिले का निवासी था। तय्युम हरियाणा के फिरोजपुर झिरका का रहने वाला था। दोनों अपने ट्रक में सवार होकर शुक्रवार की सुबह कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे के जरिए गुजर रहे थे।

झज्जर के बादली एरिया के नजदीक सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा हुआ था। कोहरे और अंधेरा होने के चलते यह ट्रक उन्हें दिखाई नहीं दिया और ट्रक इससे टकरा गया। टक्कर में रिजवान और तय्युम गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर बादली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जैसे-तैसे तय्युम और रिजवान को गाड़ी से बाहर निकाला गया।

तय्युम को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल तो रिजवान को गुरुग्राम के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में शरफू भी घायल हुआ है। शरफू दूसरी गाड़ी में सवार था। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच चल रही है। हादसे की असली वजह अभी पता नहीं चल पाई हैं। हालांकि पुलिस कोहरा और अंधेरे को हादसे का कारण मान रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!